हरियाणा में कोरोना अब कोहराम मचा रहा है। लोगों की हर दिन जान ले रहा है। 31 मई तक राज्य में सिर्फ 22 लोगों की मौत हुई थी। परंतु अब मात्र 19 दिनों में औसत हर दिन सात लोगों की मौत हो रही है। यानि इस अवधि में 132 लोग संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में पहली मौत दो अप्रैल को हुई थी। जबकि दूसरी तरफ सीरियस मरीजों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ने लगा है। इस वक्त प्रदेश में 63 मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है।
इनमें 44 मरीजों की सांसें ऑक्सीजन सिलेंडर से चल रही है तो 19 की धड़कन वेंटीलेटर पर है। इनमें सबसे ज्यादा 26 मरीज फरीदाबाद में भर्ती है। गुड़गांव में 17 और रोहतक में 13 मरीज सीरियस है। इनके अलावा सोनीपत में चार, अग्राेहा-हिसार में दो और नल्हड़ में एक मरीज सीरियस है। इनका वहीं पर इलाज चल रहा है। जबकि सबसे ज्यादा मौतें भी फरीदाबाद और गुड़गांव में ही हुई है। गुड़गांव में 55 और फरीदाबाद में 51 लोगों की जान चुकी है।
सरकार भी फरीदाबाद,गुड़गांव और सोनीपत जिले में लगातार बढ़ रहे संक्रमण को लेकर चिंतित है। इसलिए इन तीन जिलों में टेस्टिंग पर जोर दिया जा रहा है। यहां स्लम एरिया में स्क्रिनिंग का काम पहले ही शुरू किया जा चुका है।
फरीदाबाद में 24 घंटे में 2 महिला समेत पांच की मौत, 91 नए पॉजिटिव मामले आए
जिले में कोरोना से मौतों का सिलसिला जारी है। हालात ये हैं कि पांच दिन में 23 लाेगों की जान जा चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा 51 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को 91 नए केस भी आए। शुक्रवार को 87 मरीज ठीक होकर अस्पताल से अपने घर पहुंच गए। डिप्टी सीएमओ डॉ. रामभगत के अनुसार शुक्रवार को पांच मरीजों की मौत हुई है।
मरने वालों में सेक्टर 50 निवासी 72 वर्षीय पुरुष, ब्राहमणवाड़ा बल्लभगढ़ निवासी 68 वर्षीय पुरुष, आदर्शनगर बल्लभगढ़ निवासी 42 वर्षीय महिला, सेक्टर 37 निवासी 75 वर्षीय पुरुष और डबुआ कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय महिला शामिल है। जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या 151 से बढ़कर 195 हो गई है। इन कंटेनमेंट जोन में जिला प्रशासन, हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार द्वारा जारी सभी हिदायतें लागू होंगी।
गुड़गांव में 24 घंटे में संक्रमण से तीन की मौत, 145 नए केस मिले
गुड़गांव में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रहा है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के तीन पेशेंट ने दम तोड़ दिया, जबकि 145 नए पॉजिटिव केस मिले। गुड़गांव में सेंपलिंग की रफ्तार कभी बढ़ रही है तो कभी कम हो रही है। गुड़गांव के जोन-1 में शुक्रवार को 49 केस, जोन-2 में 15 केस, जोन-3 में 42 केस व जोन-4 में 20 केस सामने आए। जबकि पटौदी ब्लॉक में 12, फर्रुखनगर ब्लॉक में एक व सोहना ब्लॉक में 6 केस मिले हैं।
हरियाणा शासन सुधार प्राधिकरण गठित, कोरोना समय में आवश्यक जरूरतों को पूरा करने लिए बनेंगी योजनाएं
सीएम मनोहर लाल ने हरियाणा शासन सुधार प्राधिकरण का गठन किया है। जिसका मुख्य कार्य कोरोना समय में लोगों की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने के लिए नीतियों को बनाना है। इसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और आवास क्षेत्रों में बाजार के संबंध में राज्य की भूमिका को फिर से परिभाषित करना है। एचजीआरए के अध्यक्ष प्रो. मोद कुमार इस उद्देश्य के लिए गठित टास्क ग्रुप के कार्यों का समन्वय करेंगे।
अल्पकालिक और मध्यम अवधि की भावी योजना तैयार करने के लिए कई टास्क ग्रुप गठित किए हैं। टीसी गुप्ता राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। और उन्हें प्रत्येक टास्क ग्रुप से जुड़े वरिष्ठ सिविल सेवकों की एक टीम सदस्य-सचिव के रूप में सहयोग करेगी। भारत सरकार के नीति आयोग के सदस्य प्रो. रमेश चंद खाद्य व कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र के लिए गठित टॉस्क ग्रुप के अध्यक्ष होंगे। उद्योग के लिए गठित टॉस्क ग्रुप के अध्यक्ष मारुति सुजुकि के चेयरपर्सन आरसी भार्गव होंगे।
No comments:
Post a Comment