
माॅडल टाउन चौकी के पीछे सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर दोस्त के साथ निकले बिल्डिंग कंस्ट्रक्टर की 3 तोले सोने की चेन बाइक सवार दो बदमाश लूट ले गए। बदमाश लाल रंग की बाइक पर थे। दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखे थे। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं, सोमवार सुबह सेक्टर- 13/17 में भी चेन लूट की वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया। यहां व्यायाम कर घर लौट रहे ट्यूटर की करीब 8 ग्राम सोने की चेन बदमाश तोड़कर फरार हो गए। दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
सेक्टर-13/17 : व्यायाम कर वापस आ रहे ट्यूटर की चेन ले गए
प्रकाश नगर, तहसील कैम्प के रहने वाले नमित बरेजा ने चौकी तहसील कैम्प में सोमवार सुबह शिकायत दी। बताया कि बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह सेक्टर 13/17 से व्यायाम करके पैदल घर वापस जा रहे थे। तभी सामने से बाइक पर आए दो बदमाशों ने गले पर झपट्टा मारकर करीब 8 ग्राम की सोने की चेन लूट ले गए। वह इस घटना से इस कदर घबरा गए कि वह बाइक का रंग और नंबर नहीं देख सके। एसआई सुरेश ने बताया कि केस दर्ज बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मॉडल टाउन : चौकी के पीछे मॉर्निंग वॉक पर निकले बिल्डिंग कंस्ट्रक्टर से चेन लूटी
लिंक रोड आठ मरला के रहने वाले अमित वर्मा ने चौकी मॉडल टाउन में शिकायत दी। बताया कि वह बिल्डिंग कंस्ट्रक्टर का काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे वह दोस्त वेदप्रकाश के साथ वॉक कर रहे थे। वह चौकी माॅडल टाउन के पीछे स्थित पेट्रोल पम्प के पास पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाश ने गले पर झपट्टा मार दिया। वह कुछ समझपाते इससे पहले बदमाश फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस ने आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। बदमाश एक कैमरे में कैद हो गए। वह लाल रंग की बाइक पर थे। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। एएसआई मनोज ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment